12 से 18 जून तक होंगे जनकल्याण शिविर का आयोजन

(सतना)  सतना जिले में 12 से 18 जून 2026 की अवधि में जिले के प्रत्येक विकास खण्ड/नगरीय निकाय मुख्यालयों पर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जायेगा। जिनमें केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण किए जायेंगे। शिविर 03 दिवसीय होगा। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में सोमवार को सम्पन्न समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में शिविर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिले की जनपद पंचायत स्तर और नगरीय निकाय स्तर पर आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी एवं वीबी-जी-रामजी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन कराया जायेगा। सी.एम. हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत अभियान अवधि में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जायेगा। इन शिविरों में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विकास एवं प्रगति की प्रदर्शनी भी आयोजित की जायेगी।

शिविरों में जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध जनों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। इन शिविरों में सफलता की कहानी, चित्रकला प्रतियोगिता, लाभार्थियों के अनुभव साझा करना जैसे कार्यक्रम भी समानान्तर रूप से आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के लिए नोडल विभाग पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, राजस्व विभाग तथा लोक सेवा प्रबंधन विभाग होंगे।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए इसे गूगल सीट पर प्रतिदिन फीड करने के निर्देश भी दिये हैं। इसी दौरान उन्होंने श्रमिक हेल्थ कैम्प भी आयोजित करने के निर्देश भी दिये हैं। इसी प्रकार जिले में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 19 एवं 20 जून 2026 को प्रत्येक जिले में 2 स्थानों पर कृषि विशेषज्ञों/वैज्ञानिकों एवं अन्य अनुभवी व्यक्तियों द्वारा प्रदर्शन एवं व्याख्यान सहित प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इस कार्यक्रम के लिए किसान कल्याण तथा कृषि विकास नोडल विभाग तथा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग सहयोगी विभाग होगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें