जबलपुर में राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न
(जबलपुर) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति के जबलपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में आज कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति के दौर से जुड़े सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी दी।
कलेक्टर और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले ही सुनिश्चित कर ली जाएं। बैठक के दौरान महामहिम राष्ट्रपति के जबलपुर आगमन से लेकर उनके प्रस्थान तक के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई, ताकि कार्यक्रम का संचालन पूरी तरह निर्बाध और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति 20 जून को शाम 6.10 बजे कलाईकुंडा एयरपोर्ट पश्चिम बंगाल से भारतीय वायु सेना के विमान से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी तथा यहां रात्रि विश्राम करेंगी।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सुबह 7.20 बजे गैरीसन ग्राउंड में आयोजित सामूहिक योग के कार्यक्रम में शामिल होंगी तथा सुबह 11.40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी। राष्ट्रपति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद दोपहर 12.50 बजे जबलपुर एयरपोर्ट रवाना होंगी तथा एयरपोर्ट से दोपहर 1.20 बजे भारतीय वायु सेना के विमान द्वारा ग्वालियर प्रस्थान करेंगी।
