बरही अधिवक्ता संघ ने सांसद वीडी शर्मा और विधायक संजय पाठक के समक्ष रखीं प्रमुख मांगें, विकास एवं न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की उठाई आवाज

(बरही) कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा के बरही नगर में आयोजित जनसंपर्क एवं जनकल्याण कार्यक्रम के दौरान खजुराहो लोकसभा सांसद एवं मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा तथा विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम के दौरान बरही व्यवहार न्यायालय के नव निर्वाचित अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सचिंद्र सिंह बघेल एवं उनकी पूरी टीम ने सांसद और विधायक से मुलाकात कर क्षेत्र की न्यायिक एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं से संबंधित मांग पत्र सौंपा। इससे पहले सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

अधिवक्ता संघ द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में बरही क्षेत्र के विकास और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

अधिवक्ताओं ने मांग की कि व्यवहार न्यायालय बरही में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि न्यायिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें। साथ ही अधिवक्ताओं के लिए पुस्तकालय भवन एवं बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने पुस्तकालय के लिए 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत करने, बरही को जनपद (ब्लॉक) का दर्जा दिलाने तथा बरही तहसील में पंजीयन कार्यालय स्थापित करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इन सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र के नागरिकों को अनेक प्रशासनिक कार्यों के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है।

इसके अतिरिक्त अधिवक्ताओं ने परिसीमन के अंतर्गत बरही से जुड़े गांवों को बरही तहसील, बरही थाना एवं व्यवहार न्यायालय से जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को न्याय एवं प्रशासनिक सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं और पक्षकारों के लिए पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने मांग पत्र प्राप्त कर अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेने तथा संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

अधिवक्ता संघ ने उम्मीद जताई कि उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे बरही क्षेत्र की न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
✍️ नीरज तिवारी
RPKP INDIA NEWS
         बरही

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें