चुरहट कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपकर ECI का पुतला दहन

चुरहट। शासकीय महाविद्यालय चुरहट में व्याप्त विभिन्न समस्याओं, छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानियों तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एनएसयूआई ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महाविद्यालय प्रशासन को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया तथा निर्वाचन आयोग (ECI) के खिलाफ विरोध दर्ज करते हुए पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसयूआई चुरहट अध्यक्ष आयुष सिंह बघेल ने किया।

ज्ञापन में कॉलेज आने-जाने वाले मार्ग पर शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की खाली बोतलें मिलने से छात्राओं की सुरक्षा पर उठ रहे सवालों, महाविद्यालय तक पहुंचने के लिए परिवहन सुविधा के अभाव, नियमित कक्षाओं के संचालन में लापरवाही, परिसर में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति, शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न होने, साइंस लैब की कमी, खेल सुविधाओं के अभाव तथा अन्य मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महाविद्यालय में शिक्षा, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई हमेशा छात्र हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयावधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह चौहान, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव कमलेंद्र सिंह, युवा कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विजय सिंह, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष केडी सिंह, अंश सिंह तथा एनएसयूआई के साथी रेहान मंसूर, रोशन सिंह, विकास सिंह, शिवम पाठक, अमर सोनी, निष्कर्ष सिंह अनुप्रास सिंह दिव्यांश सिंह नितिन सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

✍️ मानिक लाल गुप्ता
RPKP INDIA NEWS
चुरहट (सीधी)

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें