महाराजा छत्रसाल जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, नगर में गूंजे वीरता और भक्ति के स्वर

पन्ना। महाराजा छत्रसाल जू देव की जयंती के उपलक्ष्य में गत दिवस श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर के मुख्य द्वार कमानी दरवाजे से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर छत्रसाल पार्क पहुंची, जहां महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं तिलक अर्पित किया गया। शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर महाराजा छत्रसाल जू देव की विशाल प्रतिमा को जागनी रथ में विराजमान किया गया।

कार्यक्रम में पन्ना नरेश छत्रसाल द्वितीय, सांसद बी.डी. शर्मा, पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, धर्म उपदेशक पंडित खेमराज शर्मा, पंडित योगेश शर्मा एवं पंडित दीपराज शर्मा सहित मंदिर के पुजारियों सहित श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेश शर्मा तथा सचिव प्रेम शर्मा ने सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन कर महाराजा छत्रसाल की आरती उतारी। इसके बाद शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।

यात्रा में घुड़सवार नवयुवक हाथों में ध्वज लेकर चल रहे थे, जबकि बैंड-बाजों की मधुर धुन वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर रही थी।
महिलाओं ने बुंदेलखंड के गौरव महाराजा छत्रसाल की वीरगाथाओं से जुड़े गीत प्रस्तुत कर श्रद्धा व्यक्त की।

शोभायात्रा में नगरवासियों के साथ बुंदेला समाज, धामी समाज एवं विभिन्न राज्यों से पधारे सुंदरसाथ बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने महाराजा छत्रसाल के जयकारों के साथ उनका स्मरण किया। कार्यक्रम ने नगर में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें