केंट बोर्ड कटंगा के फैसले पर बवाल, हिंदी माध्यम बंद करने के विरोध में अभिभावकों का प्रदर्शन
स्वामी विवेकानंद स्कूल से छात्रों को अन्य स्कूलों में भेजने के निर्देश पर भड़के अभिभावक, बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
(जबलपुर) केंट बोर्ड कटंगा स्थित स्वामी विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 6 से 9वीं तक के हिंदी माध्यम के छात्रों को अन्य स्कूलों में स्थानांतरित करने के कथित निर्णय को लेकर अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को लाल स्कूल एवं गोराबाजार स्थित विद्यालयों में भेजने अथवा टीसी लेने के निर्देश दिए जाने की सूचना के बाद सैकड़ों अभिभावक स्कूल परिसर पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया।

अभिभावकों का आरोप है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में उनसे सीबीएसई के फार्म भरवाए गए, हजारों रुपये की पुस्तकें खरीदवाई गईं तथा पूरे सत्र की तैयारी कराई गई, लेकिन अचानक हिंदी माध्यम बंद करने और छात्रों को अन्य विद्यालयों में भेजने का निर्णय सुनाया गया। इससे बच्चों और उनके परिजनों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मामले की जानकारी मिलने पर जय महाकाल संघ अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया रामकृष्ण तिवारी भी अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रशासन से चर्चा करते हुए कहा कि गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बच्चों को वर्तमान विद्यालय में नियमित रूप से अध्ययन की सुविधा नहीं दी गई तो आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि अभिभावकों की आपत्तियों के बाद स्कूल के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद अभिभावकों का आक्रोश कुछ शांत हुआ।
वहीं अभिभावकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में बच्चों के हितों के विरुद्ध कोई जनविरोधी निर्णय लिया गया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक, महिलाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
