घर हड़पने की साज़िश में पत्रकार पर झूठा रेप केस दर्ज कराने का आरोप
(नालासोपारा पूर्व/मुंबई) एक पत्रकार एवं बीमा एजेंट ने आरोप लगाया है कि उसके मकान पर कब्जा करने की कथित साजिश के तहत उसके विरुद्ध झूठा दुष्कर्म (रेप) का मामला दर्ज कराया गया। पत्रकार का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम की योजना पूर्व नियोजित तरीके से बनाई गई थी, जिसमें कुछ लोगों की भूमिका होने का आरोप लगाया गया है।
पत्रकार के अनुसार, एक अधिवक्ता द्वारा उसे फंसाने के उद्देश्य से कथित रूप से एक महिला पत्रकार और अन्य लोगों के माध्यम से षड्यंत्र रचा गया। उनका आरोप है कि मामले की पटकथा एक साप्ताहिक समाचार पत्र के कार्यालय में तैयार की गई और बाद में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित कई ऐसे तथ्य और साक्ष्य मौजूद हैं, जिनसे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। पत्रकार का दावा है कि बीमा संबंधी एक ब्रोशर पर महिला के हस्ताक्षर, प्रत्यक्षदर्शी गवाह तथा हस्तलेखन विशेषज्ञों की रिपोर्ट इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पत्रकार ने न्यायालय से हस्ताक्षरों की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से पूरे प्रकरण की वास्तविकता सामने आएगी तथा कथित षड्यंत्र में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर सत्य उजागर होगा।
✍️ संजीव भागीरथी पांडे
महाराष्ट्र प्रमुख
RPKP INDIA NEWS
