मिर्जापुर सड़क हादसा: बरही के पत्रकार विकास ताम्रकार और पत्नी सोनम का निधन, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

 (बरही) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कटनी जिले के बरही नगर को गहरे शोक में डुबो दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में बरही निवासी एवं नई दुनिया तथा दैनिक मिराज भारत से जुड़े तहसील पत्रकार विकास ताम्रकार (35) और उनकी पत्नी सोनम ताम्रकार (31) का मौके पर ही दुखद निधन हो गया। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दंपती के दोनों मासूम बेटे चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, विकास ताम्रकार अपने परिवार और परिचितों के साथ वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर देर रात कटनी बरही लौट रहे थे। इसी दौरान ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास नेशनल हाईवे पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना में कार चालक हीरालाल प्रजापति (23) निवासी बरही, हिमांशु (27) निवासी उचेहरा (सतना), सक्षम (17) निवासी नागौद तथा राधा (40) पत्नी प्रह्लाद, निवासी नागौद गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां राधा की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि विकास और सोनम के चार वर्षीय पुत्र शिवांश तथा डेढ़ वर्षीय पुत्र रुद्र इस भयावह दुर्घटना में सुरक्षित बच गए, लेकिन एक ही पल में उनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया। यह खबर सुनते ही परिजनों और पूरे बरही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही बरही से मृतकों के परिजन मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों का अंतिम संस्कार प्रयागराज (इलाहाबाद) अथवा वाराणसी में किए जाने की संभावना है।

बरही के सक्रिय एवं सरल स्वभाव के पत्रकार विकास ताम्रकार के असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। हर कोई इस हृदयविदारक घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।
✍️ नीरज तिवारी
RPKP INDIA NEWS
           बरही

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें