वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद शिक्षक राजेंद्र सिंह तेकाम को भावभीनी विदाई

शासकीय प्राथमिक शाला घुघरी में आयोजित समारोह में शिक्षण, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पण को किया गया नमन

(घुघरी/वि.गढ़) शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले शासकीय प्राथमिक शाला घुघरी के वरिष्ठ शिक्षक राजेंद्र सिंह तेकाम को उनकी 26 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक सेवा पूर्ण होने पर विद्यालय परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई।

विद्यालय परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने उनके योगदान को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एक आदर्श शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। श्री तेकाम ने अपने लंबे कार्यकाल के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक मूल्यों का भी विकास किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री के.एल. रजक ने श्री तेकाम के योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि उनकी कर्मठता, समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति स्नेह हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। समारोह में उपस्थित शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में यमुनेन्द सिंह बघेल, चंद्र प्रकाश तिवारी, अमर प्रसाद बहेली, के.एस. सैमा, लोटन सिंह सैमा, के.एल. रजक, श्री राजाराम गुप्ता सहित ग्राम के नागरिक, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्री राजेंद्र सिंह तेकाम के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें