किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन
डीजल, खाद, बिजली, बीज और मूंग खरीदी की उठाई मांग, समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
(विजयराघवगढ़) विजयराघवगढ़, सिनगौड़ी एवं बरही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) विजयराघवगढ़ को मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को खेती-किसानी के दौरान आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर किसानों को नियमित रूप से डीजल उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही रासायनिक खाद की कीमतों में लगातार वृद्धि, अघोषित बिजली कटौती, कृषि विभाग द्वारा समय पर बीज उपलब्ध नहीं कराए जाने तथा मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

ज्ञापन में मांग की गई कि किसानों के लिए प्रतिदिन डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराकर उसके बढ़े हुए दाम कम किए जाएं, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाते हुए किसानों को कम से कम 12 घंटे बिजली दी जाए, छोटे किसानों को कृषि विभाग के माध्यम से पर्याप्त बीज उपलब्ध कराए जाएं तथा वर्तमान खरीफ सीजन में धान खरीदी का लक्ष्य बढ़ाया जाए।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी किसानों के हित में चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजयराघवगढ़ रवींद्र सिंह बघेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सिनगोड़ी शरद द्विवेदी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बरही अंबिका द्विवेदी, गणेश राव, शैलेन्द्र शुक्ला, शक्ति सुधीर तिवारी, जय उरमलिया, प्रिंस सिंह, संतोष तिवारी, सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
