दतिया की जनता एक बार फिर लोकतंत्र की रक्षा करेगी, कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव के लिए तैयार : जीतू पटवारी
(भोपाल) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज दतिया में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट है और आगामी चुनाव में जनता के आशीर्वाद से जीत दर्ज करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन की मजबूती इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर है।

सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, साहब सिंह गुर्जर, कैलाश कुशवाहा, पूर्व विधायक राधेलाल बघेल, मदन कुशवाहा, सुनील शर्मा, घनश्याम सिंह एवं नीतू सिकरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती ने सत्ता के दबाव, लगातार अदालतों के चक्कर और हर तरह के राजनीतिक षड्यंत्र के बावजूद कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने जनता के वोट, लोकतंत्र और अपने आत्मसम्मान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि झुकने के बजाय संघर्ष करना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है।

श्री पटवारी ने दतिया की जागरूक जनता का साधुवाद करते हुए कहा कि ढाई वर्ष पहले जनता ने भाजपा के अहंकार को हराकर कांग्रेस पर विश्वास जताया था। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार भी दतिया की जनता अहंकार, अन्याय और लोकतंत्र विरोधी सोच को करारा जवाब देकर लोकतंत्र की रक्षा करेगी तथा कांग्रेस को विजय दिलाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करें तथा जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लेकर जाएँ। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से कांग्रेस दतिया सहित पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
