“आपका मुद्दा बनेगा विधानसभा की आवाज़, कांग्रेस उठाएगी जनता के हर सवाल को मजबूती से”
आपका मुद्दा बनेगा विधानसभा की आवाज़” अभियान के तहत कांग्रेस ने जनता से सीधे संवाद का किया आह्वान, जनसमस्याओं को सदन में मजबूती से उठाने का किया वादा
(भोपाल) मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक आयोजित होने जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी इस सत्र में प्रदेश की जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को पूरी मजबूती, तथ्यों और जनभावनाओं के साथ विधानसभा में उठाएगी तथा भाजपा सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह बनाएगी।
श्री पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र में विधानसभा जनता की सर्वोच्च आवाज़ होती है। इसलिए कांग्रेस चाहती है कि सदन में वही मुद्दे गूंजें, जिनसे प्रदेश का आम नागरिक प्रतिदिन जूझ रहा है। किसानों की समस्याएँ, युवाओं की बेरोज़गारी, महिलाओं की सुरक्षा, कर्मचारियों की परेशानियाँ, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों, व्यापारियों, श्रमिकों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग से जुड़े जनहित के प्रश्न कांग्रेस पूरी गंभीरता के साथ उठाएगी।
उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा प्रदेशवासियों से सुझाव आमंत्रित करने के लिए एक विशेष जनसहभागिता अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के माध्यम से प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र की समस्या, जनहित का मुद्दा अथवा ऐसा प्रश्न भेज सकता है, जिसे वह विधानसभा के मानसून सत्र में उठाना चाहता है।
प्रदेशवासी अपने सुझाव निम्न माध्यमों से भेज सकते हैं—
WhatsApp: 8269889419
Email:umangsingharmp@gmail.com
श्री पटवारी ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल विपक्ष की भूमिका नहीं निभा रही, बल्कि जनता की आवाज़ बनकर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य कर रही है। जनता के सुझाव कांग्रेस के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और प्रत्येक सार्थक मुद्दे को विधानसभा के भीतर पूरी ताकत से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सुझाव लेने की औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और विधानसभा के बीच संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। आपका एक सुझाव लाखों लोगों की आवाज़ बन सकता है। आइए, मध्य प्रदेश के बेहतर भविष्य और जनहित के मुद्दों को विधानसभा तक पहुँचाने में सहभागी बनें।
