देवरी मझगंवा में बनेगा शासकीय बाल उद्यान, भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू

 जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के सीईओ बृतेश जैन की मौजूदगी में सरपंच बिमला गौतम ने किया शुभारंभ, 5वें वित्त आयोग की राशि से होगा निर्माण

(कैमोर) ग्राम पंचायत देवरी मझगंवा में बच्चों के लिए शासकीय बाल उद्यान (चिल्ड्रन पार्क) निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया। डम्फर रोड पहुंच मार्ग स्थित आंगनबाड़ी के समीप शासकीय भूमि पर बनने वाले इस पार्क का भूमिपूजन जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बृतेश जैन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सरपंच श्रीमती बिमला हजारीलाल गौतम ने किया। पार्क का निर्माण 5वें वित्त आयोग की राशि से कराया जा रहा है।

ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गांव में बच्चों के लिए सुरक्षित खेल परिसर की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। बाल उद्यान बनने से बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही उन्हें सुरक्षित वातावरण में खेलने का अवसर मिलेगा। पार्क में झूले, घिसलपट्टी सहित अन्य खेल सामग्री स्थापित की जाएगी तथा आकर्षक वृक्षारोपण भी कराया जाएगा।

इस अवसर पर सीईओ बृतेश जैन ने पंचायत को निर्देश दिए कि पार्क परिसर में छायादार एवं सुंदर पौधों का रोपण कर इसे बच्चों के लिए आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जाए।

कार्यक्रम में हजारीलाल गौतम, ग्राम रोजगार सहायक मोनू दुबे, एस.पी. शर्मा, जीजो थामस, अतुल मिश्रा, सरबजीत सिंह, ऋषि मिश्रा, अमित (गुड्डू) तिवारी, राकेश चौधरी, राजू यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

✍️ ऋषि मिश्रा
RPKP INDIA NEWS
       अमेहटा

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें