साइबर ठगों के झांसे में न आएं, एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक खाता: एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे

‘सेफ क्लिक’ अभियान के तहत खितौली बाजार में जागरूकता कार्यक्रम, अनजान वीडियो कॉल और संदिग्ध लिंक से बचने की दी सलाह

(खितौली) बदलते डिजिटल दौर में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बरही थाना अंतर्गत खितौली बाजार में पुलिस द्वारा ‘सेफ क्लिक’ अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विजयराघवगढ़ एसडीओपी श्री वीरेंद्र धार्वे ने आमजन से संवाद करते हुए कहा कि साइबर ठग अब नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डाल रहे हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल स्वीकार न करें और मोबाइल पर प्राप्त किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें। कई बार एक छोटी-सी लापरवाही बैंक खाते को खाली कर सकती है। किसी भी प्रकार के लालच, इनाम, लॉटरी, केवाईसी अपडेट या बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली कॉल पर बिना पुष्टि किए विश्वास न करें।

एसडीओपी श्री धार्वे ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी का प्रयास हो या संदिग्ध कॉल प्राप्त हो, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा सकते हैं और पुलिस का उद्देश्य हर व्यक्ति को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाना है।

कार्यक्रम में पुलिस चौकी प्रभारी अखिलेश मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज तिवारी, उपसरपंच मिथलेश त्रिपाठी, आरक्षक अंकित बड़गैया, शिवकांत चतुर्वेदी, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, चिंतामणि विश्वकर्मा, संतोष माली, संतोष सिंह क्षत्रिय, अनुराग सिंह, जितेंद्र सिंह क्षत्रिय, गोलू सिंह, रामलाल गुप्ता, रमाकांत तिवारी, रोहित गर्ग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, व्यापारी, युवाओं एवं बच्चों ने कार्यक्रम में भाग लेकर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

✍️ मनोज कुमार तिवारी
RPKP INDIA NEWS
          खितौली

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें