स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित, सीएमएचओ ने लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने एवं नियमित फील्ड मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
(सीधी) मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे की अध्यक्षता में शनिवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) सभागार में जिला एवं विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारियों की समीक्षा एवं उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला क्षय अधिकारी सहित एनएचएम के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विकासखंड स्तर से सभी खंड चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ), ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम), ब्लॉक सामुदायिक प्रबंधक (बीसीएम) तथा ब्लॉक डाटा एंट्री अधिकारी (बीडीईओ) शामिल हुए।
बैठक में आगामी दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन एंट्री निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, माइक्रोप्लान को अंतिम रूप देने तथा फील्ड टीमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कुपोषित, बीमार एवं संदिग्ध बच्चों की समय पर पहचान कर उनका तत्काल रेफरल एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन, हाई-रिस्क गर्भावस्थाओं का चिन्हांकन एवं विशेष प्रबंधन, सिकल सेल की अनिवार्य स्क्रीनिंग तथा प्रत्येक गर्भवती महिला की चार प्रसवपूर्व जांच (4 एएनसी) पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा प्रसव पूर्व जांच की गुणवत्ता में सुधार लाने पर भी जोर दिया गया।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संभावित टीबी मरीजों की सक्रिय खोज, सैंपल कलेक्शन, समय पर उपचार प्रारंभ करने तथा निक्षय पोषण सहायता के वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सीएमएचओ ने कहा कि कोई भी संभावित मरीज छूटना नहीं चाहिए, इसके लिए एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाए।
सिकल सेल कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोरों की स्क्रीनिंग शीघ्र पूर्ण करने, पॉजिटिव प्रकरणों का नियमित फॉलोअप एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) पोर्टल पर सभी केंद्रों की दैनिक ओपीडी, एसडी रिपोर्ट एवं जेएएस बैठक की जानकारी प्रतिदिन दर्ज करने तथा डाटा की शुद्धता एवं समय पर अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का 24 से 48 घंटे के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर समय पर पोर्टल पर क्लोजर सुनिश्चित करने तथा शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मूल कारणों का विश्लेषण कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह कम से कम तीन दिन फील्ड भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी प्रगति का निरीक्षण करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा रिपोर्टिंग में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
