जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने सुनीं 350 से अधिक आवेदकों की समस्याएं

अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

(सीधी) आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 350 से अधिक आवेदकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि पात्र हितग्राहियों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। जिन मामलों में मौके पर समाधान संभव था, उनमें तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि जटिल प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निराकरण के दौरान संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्या का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और निर्धारित समय-सीमा में उन्हें राहत मिले।

जनसुनवाई के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित जिले के सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित आवेदनों पर आवेदकों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें