नशे से है दूरी जरूरी 2.0 अभियान के तहत अमरपाटन के संदीपनी स्कूल में विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
(मैहर) मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “नशे से है दूरी जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत अमरपाटन थाना पुलिस द्वारा संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गहरा दुष्प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, इसके दुष्परिणामों को समझने तथा स्वयं के साथ-साथ समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। अमरपाटन तहसीलदार आर.डी. साकेत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य है और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह परस्ते ने विद्यार्थियों को कानून संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि नशे से संबंधित अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाती है।
इस अवसर पर उप निरीक्षक बी.एल. रावत, प्रधान आरक्षक श्रीमती रीता सिंह एवं महिला कॉन्स्टेबल शिवानी सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
