वीडियो कॉलिंग के जरिये कलेक्टर ने किया मेडिकल में भर्ती कोरोना मरीजों से संवाद –
( जबलपुर )
कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने आज गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में उपचार करा रहे कोरोना मरीजों से वीडियो कॉलिंग के जरिये सीधे संवाद किया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कलेक्टर श्री शर्मा ने ज़ूम एप के माध्यम से हुई इस वीडियो कांफ्रेसिंग में कोरोना मरीजों से चर्चा करते हुये उन्हें दिये जा रहे उपचार, भोजन, पानी, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं के बारे में भी फीडबैक लिया। इस दौरान मरीजों ने कलेक्टर को बताया कि वार्ड में डॉक्टर्स नियमित रूप से आ रहे हैं। सभी मरीजों को समय पर दवाइयां भी मिल रही हैं। मरीजों ने भोजन की व्यवस्था को भी बेहतर बताया। कलेक्टर श्री शर्मा ने मरीजों से चर्चा के दौरान उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कोरोना मरीजों की देखभाल कर रहे चिकित्सकों तथा नर्सिंग स्टॉफ से भी चर्चा की तथा उनके द्वारा किये जा रहे सेवा के कार्य को अतुलनीय बताया। श्री शर्मा ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टॉफ के साथ-साथ सफाई कर्मियों का भी उनके द्वारा दिये जा रहे योगदान के लिये जिला प्रशासन की ओर से आभार जताया।
कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार को देखते हुये शहर में चार नये कन्टेनमेन्ट जोन बनाये गये हैं वहीं बीते कई दिनों से कोरोना का कोई नया प्रकरण नहीं मिलने पर पाँच कन्टेनमेन्ट जोन को डिनोटिफाई कर दिया गया है। नये बने कन्टेनमेन्ट जोन में पूर्वी करियापाथर सेवक की दुकान के पीछे, गणेश चौक साहू मोहल्ला, गंगानगर गढ़ा तालाब और आजाद चौक रामपुर शामिल हैं। जिन पाँच कन्टेनमेन्ट जोन को हटाया गया है उनमें जागृति नगर अमखेरा रोड, सर्रापीपल लालचंद अखाड़ा राँझी, तुलसी मोहल्ला घमापुर, आकांक्षा रेसीडेंसी तिलहरी एवं बिहारी मोहल्ला सिद्धबाबा शामिल है। जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने आज चार नये कन्टेनमेन्ट जोन बनाने और पाँच नये कन्टेनमेन्ट जोन को डिनोटीफाई करने के आदेश जारी किये गये हैं।
