क्रांति ने अपनी प्रतिभा के दम पर दुनिया में बढ़ाया भारत का मान: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
हमारी बेटियां किसी से कम नहीं, क्रांति लेकर आईं हैं प्रदेश में खेल क्रांति
लार्ड्स के प्रतिष्ठित टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली पहली महिला क्रिकेटर हैं सुश्री क्रांति गौड़
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मप्र की स्टार क्रिकेटर सुश्री क्रांति गौड़ को दी 5 लाख रुपए सम्मान राशि
मुख्यमंत्री निवास में हुआ क्रिकेटर सुश्री क्रांति का भव्य सम्मान समारोह
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर सुश्री गौड़ को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की लाड़ली बिटिया और हमारी छोटी बहन सुश्री क्रांति प्रदेश में नई खेल क्रांति लेकर आईं हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मप्र शासन की ओर से लार्ड्स के ‘टेस्ट ऑनर्स बोर्ड’ पर अपना नाम दर्ज कराने वाली देश की पहली महिला क्रिकेटर सुश्री क्रांति गौड़ को तीन लाख रुपए का चेक और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लार्ड्स के ऐतिहासिक क्रिकेट ग्राउंड पर बुंदेलखण्ड की गौरव सुश्री क्रांति गौड़ के सात विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की तथा क्रांति को इस बड़ी उपलब्धि के लिए अपनी ओर से दो लाख रूपये की सम्मान राशि का चेक भी सौंपा।
परिवार के सपोर्ट के बिना संभव नहीं था ब्लू जर्सी पहनना : सुश्री गौड़
क्रिकेटर सुश्री क्रांति गौड़ ने क्रिकेट खिलाड़ियों एवं मप्र खेल अकादमी के युवा खिलाड़ियों से संवाद भी किया। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी सुश्री गौड़ ने कहा कि उन्होंने बचपन में अनेक संघर्षों के बीच यह तय कर लिया था कि उन्हें टीम इंडिया की ब्लू जर्सी पहननी है। बुंदेलखंड के एक छोटे
से गांव से क्रिकेट के अंतर्राष्ट्रीय मंच तक की यात्रा माता-पिता और परिवार के सहयोग एवं समर्थन के बिना पूरी नहीं हो सकती थी। सुश्री क्रांति ने कहा कि उनके सपने को पूरा करने के लिए परिवार ने बारिश के मौसम में भी टपकते मकान के नीचे और रसोई में राशन नहीं होने जैसे मुश्किल दिन भी गुजारे हैं। अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए उन्होंने ठान लिया था कि अब कुछ भी हो देश और अपनों के लिए कुछ कर गुजरना है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवक कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, खेल सचिव श्री संजीव सिंह, संचालक खेल एवं युवक कल्याण श्री अंशुमान सिंह यादव सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी भी उपस्थित थे।
