तहसील कोठी में जनसुनवाई आयोजित, अधिकारियों ने सुनीं आमजन की समस्याएं
(सतना) कलेक्टर सतीश कुमार एस के निर्देशानुसार मंगलवार को तहसील कोठी में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में रघुराजनगर एसडीएम एल.आर. जांगड़े एवं कोठी तहसीलदार प्रज्ञा द्विवेदी ने क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने राजस्व, नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, भूमि संबंधी विवाद सहित विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को शिकायतों का शीघ्र एवं नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। एसडीएम एल.आर. जांगड़े ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। तहसीलदार प्रज्ञा द्विवेदी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा के भीतर प्रभावी कार्यवाही कर आवेदकों को राहत प्रदान की जाए। जनसुनवाई के दौरान तहसील कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
