मूंग-उड़द खरीदी में नहीं होगी लापरवाही! मंत्री विश्वास सारंग ने दिए सख्त निर्देश, सहकारी बैंकिंग को भी मिलेगी नई रफ्तार

भोपाल | RPKP INDIA NEWS मध्यप्रदेश सरकार किसानों और सहकारी संस्थाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मूंग एवं उड़द खरीदी, सहकारी बैंकिंग, भंडारण व्यवस्था, मुख्यमंत्री जन-कल्याण योजना और ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन मिशन मोड में किया जाए ताकि किसानों को समय पर लाभ मिल सके।

बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मूंग और उड़द खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध रहें और उड़द खरीदी के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे खरीदी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी रह सके।

भंडारण व्यवस्था को लेकर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां गोदामों की कमी है या उपलब्ध गोदाम पूरी क्षमता से भर चुके हैं, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। आवश्यकता पड़ने पर दूसरे जिलों के गोदामों का उपयोग कर किसानों की उपज का सुरक्षित भंडारण और समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर जोर देते हुए मंत्री सारंग ने दुग्ध सहकारी समितियों में चरणबद्ध तरीके से माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सहकारी बैंकों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, आकर्षक ब्याज योजनाएं तैयार करने और सहकारी समितियों के बैंक खाते सहकारी बैंकों में संचालित कराने के लिए भी कहा। उन्होंने सदस्यों को अधिक से अधिक वित्तीय लेन-देन सहकारी बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से करने के लिए प्रेरित करने पर भी बल दिया।

बैठक में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) की योजनाओं में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि सहकारी संस्थाओं को अधिक वित्तीय अवसर मिल सकें। इसके साथ ही ‘सहकारिता में सहकार’ अभियान और मुख्यमंत्री जन-कल्याण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि अभियान की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाए और लक्ष्य आधारित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

मंत्री विश्वास सारंग ने दुग्ध उत्पादन, हस्तशिल्प और अन्य क्लस्टर आधारित विकास योजनाओं को गति देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कृषि एवं वृक्षारोपण वर्ष से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

बैठक के अंत में मंत्री ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं बल्कि किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्रदेश के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों से सभी योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें