दतिया की जनता ने धनबल, सत्ता के दुरुपयोग और अहंकार की राजनीति को हराया, यह 2028 के परिवर्तन का शंखनाद है – जीतू पटवारी
भोपाल। RPKP INDIA NEWS मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश की जनता, दतिया के मतदाताओं तथा कांग्रेस एवं सहयोगी दलों के समर्पित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक विधानसभा उपचुनाव का परिणाम नहीं है, बल्कि मध्यप्रदेश में बदलाव की शुरुआत और वर्ष 2028 में बनने वाली जनपक्षीय सरकार की मजबूत नींव है।
श्री पटवारी ने कहा कि दतिया का चुनाव लोकतंत्र और सत्ता के अहंकार के बीच सीधी लड़ाई था। भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में जीत हासिल करने के लिए हर संभव सरकारी और राजनीतिक संसाधन झोंक दिए। भाजपा ने चुनाव में लगभग ₹50 करोड़ खर्च करने का दावा किया जा रहा है। इसके साथ ही पार्टी के 25 मंत्री लगातार चुनाव प्रचार में डटे रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तथा आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी भी पूरे चुनाव के दौरान दतिया में सक्रिय रहे। इसके बावजूद जनता ने सत्ता के दबाव और धनबल को नकारते हुए लोकतंत्र और जनविश्वास की जीत सुनिश्चित की।
श्री पटवारी ने स्पष्ट कहा कि इस विजय का शत-प्रतिशत श्रेय कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। प्रत्येक कार्यकर्ता ने पूरे एक महीने तक पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। जिस कार्यकर्ता को जो दायित्व सौंपा गया, उसने पूरी मेहनत और तपस्या के साथ उसे पूरा किया। यही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से कांग्रेस का साथ दिया। सीमावर्ती झांसी क्षेत्र के यादव समाज सहित सभी सहयोगी साथियों ने जिस प्रकार एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए कार्य किया, वह इंडिया गठबंधन की मजबूती का प्रमाण है।
श्री पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मध्यप्रदेश अब घमंड, अहंकार, बदले की भावना, भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग की राजनीति को स्वीकार करने वाली नहीं है। जनता विकास, न्याय, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति चाहती है। यह परिणाम भाजपा सरकार के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस जनादेश को जनता की सेवा का संकल्प मानते हुए प्रदेश के किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ को और अधिक मजबूती से उठाएगी। दतिया की जीत ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच संघर्ष करता है, तब धनबल और सत्ता का दुरुपयोग भी लोकतंत्र की ताकत के सामने टिक नहीं सकता।
श्री पटवारी ने विश्वास व्यक्त किया कि दतिया से शुरू हुआ परिवर्तन का यह अभियान पूरे मध्यप्रदेश में आगे बढ़ेगा और वर्ष 2028 में प्रदेश की जनता कांग्रेस के नेतृत्व में एक जनहितैषी, जवाबदेह और संवेदनशील सरकार का गठन करेगी।
