पीएम फसल बीमा योजना के प्रचार हेतु दो प्रचार रथ रवाना , 17 अगस्त तक जिले की सभी 9 तहसीलों के 158 ग्रामों में रथ द्वारा किसानों दी जाएगी योजना की विस्तृत जानकारी

कटनी। किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से सुरक्षित रखने और पीएम फसल बीमा योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से खरीफ 2026 के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 17 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। कलेक्‍टर श्री तिवारी के निर्देश पर जिले में इस योजना के प्रचार-प्रसार हेतु दो प्रचार रथ रवाना किए गए हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमति हरसिमरनप्रीत कौर, उपसंचालक कृषि खेलावन डेहरिया,डॉ आर. एन पटेल,सहायक संचालक कृषि मनीष मिश्रा व उर्मिला धुर्वे, पीएम फसल बीमा योजना प्रभारी श्रीमति नीतू भगत, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड के जिला प्रतिनिधि मुकेश राय सहित कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

हर गांव तक पहुंचेगी योजना की जानकारी

भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संभावित एल-नीनो की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए किसानों को फसल बीमा के प्रति जागरूक करने के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड भोपाल द्वारा दो प्रचार रथ उपलब्ध कराए गए हैं। इन प्रचार रथों को उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, कटनी कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये प्रचार रथ जिले की सभी 9 तहसीलों के 158 गांवों का भ्रमण कर किसानों को योजना की विस्तृत जानकारी देंगे।

17 अगस्त तक सभी 9 तहसीलों का करेंगे भ्रमण

उपसंचालक कृषि श्री खेलावन डेहरिया नें बताया कि यह प्रचार रथ कटनी, कटनी नगर, स्लीमनाबाद, बहोरीबंद, रीठी, विजयराघवगढ़, बरही, बड़वारा और ढीमरखेड़ा तहसीलों के लगभग 158 गांवों में पहुंचेंगे। यह अभियान करीब 1700 किलोमीटर की यात्रा कर किसानों तक फसल बीमा योजना की जानकारी पहुंचाएगा। इस प्रचार अभियान के दौरान किसानों को फसल बीमा कराने की प्रक्रिया, पात्रता एवं अधिसूचित फसलें, प्रीमियम की जानकारी, फसल क्षति की सूचना देने की प्रक्रिया, दावा करने की प्रक्रिया, सूखा, अतिवृष्टि, बाढ़, जलभराव, ओलावृष्टि सहित प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाएगी।

2024 और 2025 में हजारों किसानों को मिला लाभ

उपसंचालक कृषि श्री डेहरिया नें बताया कि वर्ष खरीफ 2024 में जिले के 6,587 किसानों को लगभग 3 करोड़ 83 लाख रुपये की दावा राशि प्रदान की गई। वहीं खरीफ 2025 में 6,584 किसानों को लगभग 2 करोड़ 11 लाख रुपये का दावा भुगतान किया गया।

17 अगस्त तक कराएं फसल बीमा

कृषि विभाग ने जिले के सभी ऋणी एवं गैर-ऋणी किसानों से अपील की है कि वे 17 अगस्त 2026 तक अपनी अधिसूचित खरीफ फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में फसल एवं आय सुरक्षित रह सके।
सभी किसान भाई योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहायता के लिए कृषि स्तंभ पोर्टल हेल्पलाइन 14447 तथा 7065514447 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें