कटनी शहरी परियोजना में आंगनबाड़ी सहायिका के 4 रिक्त पदों के लिए अनंतिम चयन सूची जारी, 7 दिनों में दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
कटनी। महिला एवं बाल विकास परियोजना, कटनी शहरी के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के 4 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत अनंतिम चयन सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई है।
विकासखण्ड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में गठित खण्ड स्तरीय चयन समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों का विधिवत परीक्षण किया गया। पात्र एवं अपात्र आवेदिकाओं के अनुमोदन उपरांत परियोजना कटनी शहरी अंतर्गत कुल 4 आंगनबाड़ी सहायिका पदों के लिए अनंतिम चयन सूची एम.पी. ऑनलाइन चयन पोर्टल पर अपलोड कर प्रकाशित की गई है।
परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, कटनी शहरी श्रीमती विद्या पाण्डेय ने बताया कि जारी अनंतिम सूची के संबंध में यदि किसी आवेदिका को कोई दावा अथवा आपत्ति हो, तो वह 7 दिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेजी प्रमाण सहित एम.पी. ऑनलाइन चयन पोर्टल के माध्यम से प्रस्तुत कर सकती हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दावा अथवा आपत्ति केवल संबंधित आवेदिकाओं द्वारा ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जाएगी। अन्य किसी व्यक्ति द्वारा प्रस्तुत दावा या आपत्ति मान्य नहीं होगी। साथ ही, निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया।
