जिला पंचायत में खुला ‘दीदी कैफे’, स्वाद के साथ स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिला नया मंच

जिला पंचायत सीईओ ने किया शुभारंभ, वाजिब दर पर मिलेगा स्वच्छ, स्वादिष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण नाश्ता व भोजन

तेवरी के स्वीट कॉर्न से बने लजीज व्यंजन होंगे खास आकर्षण

(कटनी) – आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं के हुनर और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला पंचायत ने एक नई पहल की है। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में गुरुवार को ‘दीदी कैफे’ का शुभारंभ जिला पंचायत सीईओ  सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने किया। कैफे में कलेक्ट्रेट एवं अन्य शासकीय कार्यालयों के कर्मचारियों के साथ जिला मुख्यालय आने वाले ग्रामीणों को वाजिब दर पर स्वच्छ, स्वादिष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी।

‘दीदी कैफे’ केवल भोजन और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध कराने का केंद्र नहीं, बल्कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का नया मंच भी बनेगा। शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त सीईओ श्री अनुराग मोदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया अवसर

 ‘दीदी कैफे’ का संचालन मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तेवरी के ग्राम श्रीकृष्ण महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। कैफे के माध्यम से समूह की महिलाओं को अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने और नियमित आय का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले खाद्य उत्पादों को जिला मुख्यालय पर बेहतर बाजार भी उपलब्ध होगा।

यह पहल ग्रामीण महिलाओं को केवल आर्थिक रूप से मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें उद्यमिता से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम भी बनेगी।

तेवरी के स्वीट कॉर्न का स्वाद बनेगा खास पहचान

‘दीदी कैफे’ की सबसे खास पहचान तेवरी के स्वीट कॉर्न से तैयार किए जाने वाले विविध व्यंजन होंगे। यहां स्वीट कॉर्न उबला, स्वीट कॉर्न चाट, स्वीट कॉर्न मसाला, वड़ा स्वीट कॉर्न, चीज स्वीट कॉर्न, स्वीट कॉर्न सूप, स्वीट कॉर्न टिक्की, स्वीट कॉर्न कटलेट, स्वीट कॉर्न पराठा और स्वीट कॉर्न खीर रोल सहित कई स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।

इसके साथ ही कैफे में नाश्ता, भोजन, कुकीज सहित अन्य खाद्य सामग्री भी स्वच्छता और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए उपलब्ध कराई जाएगी।

पहले दिन ही लोगों ने लिया स्वाद का आनंद

कैफे के शुभारंभ के पहले ही दिन लोगों में इसे लेकर उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों एवं जिला मुख्यालय पहुंचे नागरिकों ने ‘दीदी कैफे’ में पहुंचकर स्वीट कॉर्न से तैयार विभिन्न व्यंजनों और कुकीज का स्वाद चखा। लोगों ने व्यंजनों की सराहना करते हुए कैफे की पहल को उपयोगी और सराहनीय बताया।

स्थानीय उत्पाद, स्थानीय स्वाद और महिलाओं की आत्मनिर्भरता

‘दीदी कैफे’ के माध्यम से एक ओर जहां जिला पंचायत परिसर में आने वाले लोगों को किफायती दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिलेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को अपनी आजीविका बढ़ाने का अवसर मिलेगा। स्थानीय उत्पाद से स्थानीय रोजगार और स्थानीय बाजार तक की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

ये रहे मौजूद

शुभारंभ अवसर पर स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना रजक, परियोजना अधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, परियोजना अधिकारी श्री मृगेन्द्र सिंह, जिला प्रबंधक श्रीमती सीमा सिंह, श्री उमेश सोनी, श्री शहजाद खान सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें