मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत गुनगा और परसोरा में शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण
आंगनवाड़ी, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, उचित मूल्य दुकान एवं हाट बाजार की व्यवस्थाओं का लिया जायजा उचित मूल्य दुकान बंद मिलने पर विक्रेता और लापरवाही पर आशा कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश
विधायक श्री विष्णु खत्री, एसडीएम बैरसिया सुश्री शिवांगी बघेल और अन्य अधिकारियों ने ग्राम पंचायत गुनगा स्थित शासकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच की। दल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर धात्री महिलाओं से उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उप मंडी गुनगा और हाट बाजार का भ्रमण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इसी क्रम में एसडीएम सुश्री बघेल और सीडीपीओ श्री पंकज ने परसोरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों का वजन लिया गया तथा गंभीर और मध्यम कुपोषण की श्रेणी में दर्ज SAM/MAM बच्चों की स्थिति एवं देखभाल की जानकारी ली गई।
निरीक्षण में आशा कार्यकर्ता द्वारा दवाइयों की एक्सपायरी डेट की नियमित जांच नहीं किए जाने पर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बीएमओ को संबंधित आशा कार्यकर्ता के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। परसोरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान बंद मिलने पर संबंधित विक्रेता को भी नोटिस जारी किया गया।
