विधायक एवं कलेक्‍टर ने किया निषाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वेंकट वार्ड में रोबोटिक्स लैब का निरीक्षण

रोबोटिक्स लैब से विद्यार्थियों में विकसित हो आधुनिक एवं वैज्ञानिक सोच – कलेक्टर श्री तिवारी

(कटनी)- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुडवारा विधायक श्री संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल और कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने निषाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वेंकट वार्ड, कटनी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यालय में स्थापित रोबोटिक्स लैब का अवलोकन कर विद्यार्थियों को उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है रोबोटिक्स लैब

विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि रोबोटिक्स लैब में थ्री-डी प्रिंटर, बेसिक इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटर ड्राइवर्स एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विस सहित विभिन्न आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इन उपकरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। इससे विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता विकसित होने के साथ ही भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों की समझ भी विकसित होगी।

कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि रोबोटिक्स लैब केवल उपकरणों तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों में आधुनिक तकनीक, नवाचार और वैज्ञानिक सोच विकसित होनी चाहिए। बच्चों को रोबोटिक्स की शिक्षा व्यावहारिक एवं सरल तरीके से दी जाए, ताकि वे नई तकनीकों को बेहतर ढंग से समझ सकें और उनका रचनात्मक उपयोग कर सकें।

कलेक्‍टर ने निर्देशित किया कि रोबोटिक्स शिक्षा के लिए कुशल एवं प्रशिक्षित शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें प्रयोग करने और नई चीजें सीखने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि लैब का विद्यार्थियों को अधिकतम लाभ मिल सके।

विद्यालय भवन का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्री तिवारी ने विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिलनी चाहिए तथा विद्यालयों में आवश्यकतानुसार आधुनिक एवं सुविधायुक्त अधोसंरचना उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का वातावरण ऐसा हो, जहां विद्यार्थी सुरक्षित महसूस करने के साथ-साथ उत्साह और रुचि के साथ अध्ययन कर सकें। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें