मुड़वारा स्टेशन के पास नशे की खेप, 18.748 किलो गांजे के साथ हरियाणा का युवक गिरफ्तार
कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन के आसपास नशे की बड़ी खेप पहुंचने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक युवक को 18.748 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.85 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 17-18 अगस्त की दरम्यानी रात को कोतवाली पुलिस की टीम मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन से सिविल लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर फुट ओवरब्रिज के पास एक युवक दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग लेकर संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस वाहन को देखकर युवक दोनों ट्रॉली बैग मौके पर छोड़कर निकलने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान योगेश यादव (22), निवासी गदाईपुर, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में हुई।
18 पैकेट में मिली नशे की खेप
संदेह के आधार पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों ट्रॉली बैग और पिठ्ठू बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 18 पैकेट मिले। जांच में पैकेटों में गांजा पाया गया। तौल करने पर कुल वजन 18.748 किलोग्राम निकला।
पुलिस ने गांजा सहित परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग को भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 908/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
कहां से आया गांजा, किसे देना था?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और कटनी में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पुलिस पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारीयों के मार्गदर्शन मे कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में कोतवाली एवं एनकेजे थाने के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अब बड़ा सवाल यह है कि हरियाणा से कटनी तक 18 किलो से अधिक गांजे की यह खेप किस नेटवर्क के जरिए पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं? पुलिस की आगे की जांच से नशे के इस नेटवर्क की और कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।
