अतिवृष्टि से मूंग, उड़द, सोयाबीन, अरहर और तिली की फसलें चौपट, कांग्रेस नेता चतुरेश अहिरवार ने मुख्यमंत्री से की ₹20,000 प्रति एकड़ मुआवजे की मांग

पन्ना। RPKP INDIA NEWS

पन्ना जिले के गुनौर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता चतुरेश अहिरवार पूर्व उपाध्यक्ष जिला युवक कांग्रेस ग्रामीण पन्ना (निवासी बराछ) ने पन्ना जिले में हुई भारी बारिश (अतिवृष्टि) के कारण किसानों की फसलों को पहुंचे भारी नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है।उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संकट में घिरे किसानों को तत्काल राहत राशि देने की पुरजोर मांग की है।

कांग्रेस नेता चतुरेश अहिरवार ने कहा कि गुनौर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हुई अत्यधिक वर्षा के कारण किसानों की मुख्य खरीफ फसलें—जैसे मूंग, उड़द, सोयाबीन, अरहर और तिली पूरी तरह चौपट हो चुकी हैं। खेतों में पानी भरने से फसलें सड़ गई हैं, जिससे अन्नदाता के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसान की सालभर की मेहनत और लागत पानी में मिल चुकी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित करते हुए मांग की है कि प्रभावित किसानों को बिना किसी देरी के 20 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से आर्थिक राहत सहायता राशि प्रदान की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसानों को समय पर मुआवजा मिल जाता है, तो वे आगामी सितंबर-अक्टूबर माह में होने वाली अगली फसलों की बोनी (बायत) की तैयारी कर सकेंगे।

श्री अहिरवार ने सरकार को चेतावनी भरे लहजे में आगाह करते हुए कहा कि यदि पीड़ित किसानों को समय पर उचित मुआवजा और राहत राशि नहीं मिली, तो क्षेत्र का अन्नदाता पूरी तरह कर्ज और भुखमरी के दलदल में धंस जाएगा। ऐसी विकट स्थिति में कई मजबूर किसान आत्मघाती कदम (आत्महत्या) उठाने पर भी विवश हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल विशेष दल गठित कर खेतों का सर्वे कराने और पारदर्शी तरीके से राहत वितरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें