किसानों तक योजनाओं का लाभ और सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने में कार्यकर्ता प्रभावी भूमिका निभाएं

युवा कल की ताकत, उन तक सही जानकारी पहुंचाना सभी का दायित्व: हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल। RPKP INDIA NEWS

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा, किसान मोर्चा एवं युवा मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी मोर्चे संगठन को मजबूत करने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का हमेशा अपमान किया है, भाजपा ने उन्हें सम्मान दिया है। समरसता संकल्प अभियान संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचा रहा है। किसान मोर्चा के कार्यकर्ता किसानों की आवाज बनकर संगठन और सरकार के बीच मजबूत कड़ी का काम करें। कार्यकर्ता किसानों तक योजनाओं का लाभ और सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएं। युवा भारत के भविष्य हैं। आप सभी युवा कार्यकर्ता आने वाले समय में देश का नेतृत्व करेंगे। तथयों के साथ युवाओं के बीच जाएं और तुलनात्मक जानकारी देकर युवाओं को संगठन से जोड़ें और सरकार के कार्य उन्हें बताएं। युवा कल की ताकत हैं, उन तक सही जानकारी पहंुचाना सभी का दायित्व है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि सभी पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और वह आर्थिक रूप से सशक्त बने।

गरीब, वंचित की आर्थिक प्रगति भाजपा की प्राथमिकता

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान करते हैं, वहीं कांग्रेस ने बाबा साहब को चुनाव में हराने से लेकर उनकी उपेक्षा करने तक का काम किया। भाजपा ने हमेशा बाबा साहब के विचारों और संविधान के प्रति सम्मान को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। केंद्र में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार रही हो या प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार, भाजपा ने हमेशा समाज के गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों की आर्थिक प्रगति और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए काम किया है। मध्यप्रदेश में पहले भाजपा की सरकारों ने और अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए लोगों को मजबूत बनाने का काम कर रही है। वर्ष 2003 के पहले मध्यप्रदेश में सड़क, बिजली और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं की स्थिति क्या थी, यह पुरानी पीढ़ी अच्छी तरह जानती है। भाजपा सरकारों के कार्यकाल में बिजली व्यवस्था में सुधार, गांवों को सड़कों से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए बड़े स्तर पर काम हुआ। भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने ऐसे अनेक गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा, जो पहले जिला मुख्यालयों से भी कटे रहते थे। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा देशभर में चलाया जा रहा समरसता संकल्प अभियान सामाजिक एकता और समरसता का व्यापक संदेश दे रहा है। संत रविदास जी के विचारों और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा संगठन द्वारा यात्राएं और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विपक्षी दलों ने संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए इस तरह का कोई अभियान क्यों नहीं चलाया। युवा पीढ़ी जब सवाल पूछे, तो कार्यकर्ता उन्हें हमारी सरकारों के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी तथयों के आधार पर दें, ताकि वे हर बात को सही ढंग से समझ सकें। समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलें और संगठन तथा समाज के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाएं। बैठक को मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार ने भी संबोधित किया। बैठक में मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा मंचासीन रहे।

किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना संगठन की जिम्मेदारी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने किसान मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘किसान वर्ष’ घोषित किया है। पिछला वर्ष उद्योगों को समर्पित था, जबकि इस वर्ष किसानों के हित, कल्याण और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में किसान मोर्चा की भूमिका और जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। किसान मोर्चा किसानों की आवाज बनकर संगठन और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करता है। हमारा प्रयास है कि सरकार और संगठन की योजनाओं, निर्णयों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रदेश के प्रत्येक किसान तक पहुंचे। किसान मोर्चा लंबे समय से किसानों के हितों और उनकी समस्याओं को लेकर सक्रियता से कार्य करता रहा है और आने वाले समय में भी उसे इसी प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी। किसान मोर्चा कार्यकर्ता गांव-गांव और किसानों के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझें और पुख्ता आंकड़ों व तथयों के साथ अपनी बात रखें। भाजपा सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की सही जानकारी आमजन तक पहुंचाने से जनता का भाजपा के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। वर्ष 2003 से पूर्व कांग्रेस शासनकाल में मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकबा सिर्फ साढ़े सात लाख था, लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद सिंचाई के क्षेत्र में व्यापक विस्तार हुआ है और सिंचाई का रकबा वर्तमान में 55 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिली है। किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। भाजपा सरकार ने किसानों के लिए बाजार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए हैं। खुला बाजार मिलने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने और अधिक लाभ कमाने के अवसर मिले हैं। किसान मोर्चा इन उपलब्धियों को किसानों और आमजन तक पहुंचाने के साथ ही किसानों के हित में निरंतर सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारी का प्रभावी निर्वहन करें। बैठक को मोर्चा अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने भी संबोधित किया। बैठक में मोर्चा प्रभारी श्री मनोरंजन मिश्रा सहित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री मंचासीन रहे।

युवाओं का भविष्य संवारने के लिए खुद को समर्पित करें, समाज में स्वीकारोक्ति बढ़ेगी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता देश और मध्यप्रदेश के युवाओं का भविष्य संवारने के लिए खुद को समर्पित करें, तभी समाज में आप की स्वीकारोक्ति और बढ़ेगी। समाज में सकारात्मक तथय पहुंचाएं, नकारात्मकता बहुत समय तक नहीं चलती। समाज में सकारात्मक मुद्दों को लेकर राजनीति करने वाले, कार्य करने वाले आज भी याद किए जा रहे हैं और जिन्होंने नकारात्मकता को बढ़ावा दिया, नकारात्मकता को अपनी राजनीति का जरिया बनाया, उन्हें आज कोई याद नहीं करता। भाजपा हमेशा राष्ट्र प्रथम के साथ सकारात्मकता को लेकर चलने वाली पार्टी है, इसलिए आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक दल बन सकी। हमें सभी समाज वर्ग को साथ लेकर उनके हितों के लिए कार्य करना है। आज के युवा सोशल मीडिया फ्रेंडली हैं, विरोधी दल इसका फायदा उठाते हैं। विपक्षी दल सोशल मीडिया के जरिए भाजपा सरकारों के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास करते रहते हैं, इसलिए आप सभी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आंकड़ों व तथयों के साथ युवाओं तक जानकारी पहुंचाएं। आप सभी मोर्चा कार्यकर्ता जनता को और युवाओं को बताएं कि वर्ष 2003 में भाजपा की सरकार बनने से पहले सिंचाई का रकबा सिर्फ साढ़े लाख हेक्टेयर था, जिसे भाजपा सरकार ने 55 लाख हेक्टेयर तक पहंुचाया है और एक लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार रोजगार, निवेश, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थय, सिंचाई, स्व-रोजगार, के साथ सड़क, बिजली, पानी को लेकर ऐतिहासिक कार्य कर रही हैं। भाजपा सरकार की उपलब्धियां मोर्चा कार्यकर्ता युवाओं तक पहुंचाएं और उन्हें संगठन से जोड़ने के साथ संगठन को मजबूती देने के लिए कार्य करें। बैठक को मोर्चा अध्यक्ष श्री श्याम टेलर ने भी संबोधित किया। बैठक में मोर्चा प्रभारी श्री मनोरंजन मिश्रा मंचासीन रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें