उज्जैन में CM मोहन यादव का अनोखा रक्षाबंधन: महिला पुलिसकर्मियों से लेकर सफाई मित्रों तक ने बांधी राखी
महिला पुलिसकर्मियों से लेकर महाकाल मंदिर की महिला कर्मचारियों तक ने बांधी राखी, CM ने उपहार देकर साझा कीं पर्व की खुशियां
उज्जैन। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन में महिला पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और विभिन्न विभागों में कार्यरत बहनों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। वीवीआईपी गेस्ट हाउस और पुलिस सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में बहनों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा।
महिला पुलिसकर्मियों ने बांधी राखी
कार्यक्रम में गृह विभाग से जुड़ी महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को तिलक लगाकर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों से आत्मीय संवाद किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उपहार भी भेंट किए। उन्होंने कहा कि पर्व केवल परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास को मजबूत करने का अवसर भी है।
महाकाल मंदिर की महिला कर्मचारियों ने भी बांधी राखी
रक्षाबंधन के इस आयोजन में श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की महिला कर्मचारी, सुरक्षा कर्मचारी और महिला सफाई मित्र भी शामिल हुईं। इसके साथ ही नगर निगम की महिला सफाई मित्रों ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को रक्षा सूत्र बांधा।
मुख्यमंत्री ने सभी बहनों से बातचीत कर उनकी शुभकामनाएं स्वीकार कीं और उनके साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
‘प्रेम, स्नेह और विश्वास मजबूत करने वाला पर्व’
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, स्नेह, विश्वास और आपसी संबंधों को मजबूत करने वाला पवित्र पर्व है। उन्होंने सभी बहनों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार समाज में आपसी आत्मीयता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष मुकेश यादव, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, राकेश पंड्या, विवेक गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
