बजरंग गौशाला गोकुल आश्रम पठरा में मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी गौमाता पूजन के साथ किया पौधरोपण, ग्रामीणों ने लिया आशीर्वाद
(कटनी) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मानव जीवन विकास समिति द्वारा संचालित बजरंग गौशाला गोकुल आश्रम पठरा में गौमाता पूजन एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम समिति सचिव एवं पर्यावरणविद् श्री निर्भय सिंह के नेतृत्व में तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग कटनी एवं पशु चिकित्सा अधिकारी बड़वारा डॉ. आत्मानंद मिश्रा के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पठरा उपसरपंच श्री अनिल सिंह ने गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना की और उन्हें फूलमाला पहनाकर फलाहार कराया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद मनाते हुए गौमाता का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के बाद गौशाला परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत रोजगार सहायक श्री सुशील कुशवाहा सहित राहुल कुशवाहा, पूनम शर्मा, चंद्रपाल कुशवाहा, रामकिशोर चौधरी, ओमप्रकाश यादव, गुलशन सिंह, रमेश साहू, रामसखा पाल, फग्गू केवट सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सहभागिता की। समिति सचिव श्री निर्भय सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का गौमाता से अत्यंत गहरा और अद्भुत संबंध था। उन्हें ‘गोपाल’ और ‘गोविंद’ के नाम से जाना जाता है, जिसका अर्थ गायों का रक्षक एवं पालनहार है। भगवान श्रीकृष्ण का बचपन गोकुल और वृंदावन में गायों के बीच बीता। उन्होंने गौ-सेवा और गौ-संरक्षण के महत्व को समाज के सामने रखा।
गोवर्धन पर्वत उठाकर उन्होंने गायों और ग्वालों की रक्षा की थी। श्री सिंह ने कहा कि जन्माष्टमी पर गौमाता पूजन के साथ पौधरोपण का आयोजन पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदना का संदेश भी देता है।
