शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में रक्षाबंधन, बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विविध कार्यक्रम

(सीधी) शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों के प्रति छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने तथा सामाजिक सौहार्द एवं सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रक्षाबंधन, बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाविद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

भगवान बलराम के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए प्राचार्य प्रो. ओ.पी. नामदेव ने कहा कि भगवान बलराम शक्ति, परिश्रम, कृषि और अनुशासन के प्रतीक हैं। उनके जीवन से विद्यार्थियों को साहस, सदाचार एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजन छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत और जीवन-मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण हैं।

‘प्रकृति से भाईचारा’ संदेश के साथ महाविद्यालय परिसर में पेड़ों को राखी बांधी गई। डॉ. प्रतिमा कौल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि सम्मान, विश्वास, सहयोग और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी देता है। पेड़ों को राखी बांधना प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का सुंदर प्रतीक है।

इसी क्रम में ‘स्वच्छ देवालय, स्वच्छ परिसर, स्वच्छ समाज’ के संदेश के साथ मंदिर की सफाई की गई। डॉ. देवेंद्र कुमार सोनी ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, कर्तव्य, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्राओं से स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन प्रो. आकांक्षा खादीकर ने किया। आभार प्रदर्शन प्रो. गरिमा शुक्ला ने किया। इस अवसर पर डॉ. आका सिंह तिवारी, डॉ. अनीता तिवारी, माधुरी गौतम, रितु मिश्रा, डॉ. प्रीति सतनामी सहित महाविद्यालय परिवार एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें