बच्चों की प्रतिभा और उत्साह के साथ उल्लास कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन

नृत्य, गायन, फैंसी ड्रेस, बैडमिंटन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

(सीधी) बच्चों के चेहरों पर खुशी, उत्साह और उपलब्धि की चमक के साथ जिला न्यायालय सीधी में न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालयीन कर्मचारियों के बच्चों के लिए आयोजित “उल्लास-एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत “उल्लास कार्यक्रम” का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीधी प्रयागलाल दिनकर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 0 से 8 वर्ष तथा 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए नृत्य, गायन, फैंसी ड्रेस, बैडमिंटन एवं चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने अपनी कला, रचनात्मक सोच और खेल भावना का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक चित्र बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयागलाल दिनकर द्वारा प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सहभागिता और प्रतिभा की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी न्यायिक अधिकारियों, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयागलाल दिनकर, विशेष न्यायाधीश यतीन्द्र कुमार गुरू, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय सीधी दीपक शर्मा, द्वितीय जिला न्यायाधीश सीधी मनीष कुमार श्रीवास्तव, प्रथम जिला न्यायाधीश सीधी राकेश कुमार सोनी, प्रथम जिला न्यायालय के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सीधी सतीशमणी त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी विनोद कुमार वर्मा, मुकेश कुमार शिवहरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी, सोनू जैन, सरिता चौधरी, धीरज आर्य, अर्पिता त्रिपाठी, आकर्ष मिश्रा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी, जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक सहित न्यायिक अधिकारी एवं न्यायालयीन कर्मचारी तथा उनके बच्चे उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें