कच्ची शराब के ठिकानों पर विजयराघवगढ़ पुलिस की दबिश
बरहटा, गोइन्द्रा और नड़ेरा में कार्रवाई, एक लाख रुपये कीमत का महुआ लाहन नष्ट; 5 लीटर कच्ची शराब जब्त
विजयराघवगढ़। RPKP INDIA NEWS
अवैध कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ विजयराघवगढ़ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बरहटा, गोइन्द्रा एवं नड़ेरा में दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन नष्ट किया।
प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम बरहटा स्थित पारधी डेरों तथा ग्राम गोइन्द्रा एवं नड़ेरा में बहेलिया के यहां रेड कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान करीब एक लाख रुपये कीमत का महुआ लाहन नष्ट किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

इसी कार्रवाई के दौरान ग्राम रोहनिया निवासी लक्ष्मण केवट पिता स्व. खिलाड़ी केवट, उम्र 61 वर्ष के कब्जे से ग्राम रोहनिया नई बस्ती तिरगड्डा के पास हाथ भट्टी से निर्मित करीब 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(ए) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक श्यामदास कोल, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक नीतेश सिंह एवं प्रधान आरक्षक वाहन चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
