पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्रबंधन समिति की बैठक में विद्यालय की भूमि, कंप्यूटर और सुरक्षा निधि सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
(जबलपुर) अपर कलेक्टर श्री रविशंकर राय की अध्यक्षता में आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गढ़ा की शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रबंधन समिति की वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के संचालन, संसाधनों और विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इस दौरान पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री योगेश कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्यालय की वर्तमान बिल्डिंग वर्ष 2007 में तैयार हुई थी। इसे बने हुए अब करीब 19 वर्ष हो चुके हैं। वर्तमान में विद्यालय का संचालन पीएम श्री रानी दुर्गावती महाविद्यालय गढ़ा में किया जा रहा है।
प्राचार्य श्री गुप्ता ने विद्यार्थियों के भविष्य और विद्यालय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के लिए पृथक भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि भविष्य में विद्यालय की स्वयं की भवन का निर्माण कराया जा सके। उन्होंने राइट ऑफ किए जा चुके कंप्यूटरों को हटाकर उनके स्थान पर नए कंप्यूटर उपलब्ध कराने तथा विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवंटित निधि बढ़ाने की मांग भी बैठक में रखी।
एक माह में भूमि आवंटन की संभावना
चर्चा के बाद अपर कलेक्टर श्री रविशंकर राय ने बताया कि पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि के सीमांकन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संभवतः आगामी एक माह के भीतर विद्यालय के नाम भूमि आवंटित किए जाने की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। बैठक में संबंधित संस्था के प्राचार्य, संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
