प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण संपन्न,
(उमरिया) प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार उमरिया में अनुविभाग बांधवगढ़ के मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में पटवारी, राजस्व निरीक्षक , सहायक विकास विस्तार अधिकारी , पंचायत समन्वय अधिकारी , नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के विभिन्न चरणों, कार्यप्रणाली तथा मैदानी स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि के सर्वेक्षण, अभिलेखों के संधारण तथा अन्य संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए 17 सितंबर 2026 से ग्राम स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में ग्रामीणों को योजना की प्रक्रिया एवं उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देने के साथ आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविरों का सुव्यवस्थित आयोजन करने तथा प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
