बरबसपुर में कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र एवं विद्यालय का किया निरीक्षण

बच्चों से संवाद कर उपस्थिति, शैक्षणिक स्तर एवं पोषण व्यवस्था की ली जानकारी

(अनुपपुर) कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने बरबसपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, पोषण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र एवं विद्यालय में बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी उपस्थिति, सीखने की क्षमता एवं विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता का जायजा लिया। आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर श्री झा ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें कटहल एवं केला के चित्र दिखाकर उनकी पहचान करने को कहा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक दोनों फलों की सही पहचान की, जिस पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बच्चों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से गिनती एवं पहचान से संबंधित प्रश्न भी पूछे।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चों की संख्या तथा मौके पर उपस्थित बच्चों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा खेल एवं गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए प्राप्त होने वाले पोषण आहार के आवंटन एवं वितरण की जानकारी ली तथा बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी पूछा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में स्वच्छता, पेयजल, बच्चों के बैठने की व्यवस्था तथा खेल एवं सीखने की सामग्री की उपलब्धता का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। शासकीय प्राथमिक विद्यालय बरबसपुर में कलेक्टर ने विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी लेते हुए उनसे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से गिनती, पहचान, पढ़ने एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों की सराहना की।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी लेते हुए कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने तथा सभी विद्यार्थियों की कक्षा में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री झा ने आवंटन एवं वितरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी पूछा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने विद्यालय में पेयजल, शौचालय, कक्षाओं एवं परिसर की स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, सचिव, सरपंच एवं संबंधित क्षेत्र के अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें