सिंगरौली में ज्वेलर्स डकैती का 6 घंटे में खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

200 ग्राम से अधिक सोना-चांदी, 1 लाख रुपये से ज्यादा नकदी और हथियार बरामद; CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को मिली बड़ी सफलता

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, हथियार और मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। मामले में अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पिस्टल और कट्टों के बल पर ज्वेलर्स में मौजूद कर्मचारियों को धमकाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर दो लोगों पर हथियारों से हमला किए जाने और फायरिंग की बात भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं।

नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर, एसडीओपी मोरवा और एसडीओपी चितरंगी के नेतृत्व में गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों, उनके संभावित भागने के रास्तों और आवागमन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर कार्रवाई आगे बढ़ाई।

डकैती की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी तत्काल सूचना दी। सोनभद्र पुलिस, बलरामपुर पुलिस, गढ़वा और पलामू पुलिस को अलर्ट किया गया। अंतर्राज्यीय सीमाओं और संभावित भागने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों पर चेकिंग शुरू की गई।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिलों का पीछा किया। पीछा करने के दौरान दो संदिग्धों की मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

वहीं अंतर्राज्यीय समन्वय के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से गिरोह के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह आरोपी जवाबी फायरिंग में घायल हुआ था। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दूसरी मोटरसाइकिल के साथ उसके हिस्से में आए लूट के आभूषण और नकदी बरामद की गई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 200.7 ग्राम सोने के आभूषण, 205.410 ग्राम चांदी के आभूषण, 1 लाख 4 हजार 200 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, दो कट्टे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों और गिरोह के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीमें अलग-अलग राज्यों में भेजी गई हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें