गऊ घाट का कलेक्टर एवं एसपी ने किया निरीक्षण, विसर्जन व्यवस्था के दिए निर्देश

सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात सुचारू रखने पर विशेष जो

(सीधी)  गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने गऊ घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विसर्जन व्यवस्था, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नदी के किनारे अस्थाई विसर्जन कुंड तैयार कर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन उसी में कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को नदी के गहरे पानी में जाने से रोका जाए। घाट पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड, लाउडस्पीकर, टेंट सहित आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। होमगार्ड के प्रशिक्षित तैराक, लाइफ जैकेट, रस्से एवं अन्य बचाव उपकरण भी उपलब्ध रहें।

नदियों में जलस्तर अधिक होने के कारण नाव से प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही विसर्जन करने तथा सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को वाहनों की आवाजाही के लिए आवश्यक रूट एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात का प्रभावी प्रबंधन करने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने अभिभावकों से छोटे बच्चों को नदी एवं घाट के किनारे अकेले न जाने देने की अपील भी की।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें