MP में RTE के तहत 502 करोड़ रुपये जारी करेंगे CM मोहन यादव, 8.19 लाख बच्चों को मिलेगा मुफ्त शिक्षा का लाभ

20,456 निजी स्कूलों को मिलेगी फीस प्रतिपूर्ति, नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से बने सांदीपनि विद्यालय के नए भवन का भी होगा लोकार्पण

भोपाल। RPKP INDIA NEWS। मध्य प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत पढ़ने वाले गरीब और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार 502 करोड़ रुपये की फीस प्रतिपूर्ति राशि जारी करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 अक्टूबर को नरसिंहपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2024-25 की राशि प्रदेश के 20 हजार 456 अशासकीय स्कूलों के खातों में अंतरित करेंगे। इससे 8 लाख 19 हजार से अधिक विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण भी करेंगे। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहेंगे।

RTE के तहत अब तक 3,600 करोड़ रुपये का भुगतान

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्रदेश के गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं तक नि:शुल्क प्रवेश दिया जाता है। पात्र विद्यार्थियों की फीस की प्रतिपूर्ति सरकार संबंधित निजी स्कूलों को करती है, ताकि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।

सरकारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2011 से अब तक इस योजना के तहत 16 लाख 85 हजार से अधिक विद्यार्थियों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए करीब 3,600 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। अब 502 करोड़ रुपये की नई राशि जारी होने से निजी स्कूलों में पढ़ रहे पात्र विद्यार्थियों की शिक्षा व्यवस्था को सहायता मिलेगी।

सांदीपनि विद्यालय में मिलेंगी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं

नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का नया भवन विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया है। यहां केजी-1 से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक, शारीरिक और सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाएगा।

विद्यालय परिसर में डिजिटल क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, मल्टीपर्पज हॉल और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों के लिए मैदान और सुरक्षित आवागमन के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

छात्रा माही साहू ने मेरिट सूची में बनाया स्थान

विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यालय की छात्रा माही साहू ने कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।

राज्य सरकार का कहना है कि RTE के प्रभावी क्रियान्वयन और सांदीपनि विद्यालयों जैसी पहल के माध्यम से गरीब एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें