ग्राम पंचायत हर्रैया में नशा मुक्ति अभियान, अवैध शराब बिक्री रोकने ग्रामीणों ने भरी हुंकार
महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, अवैध पैकारी बंद नहीं होने पर कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
हर्रैया/कैमोर। RPKP INDIA NEWS
कटनी जिला अंतर्गत विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत हर्रैया में गत दिवस नशा मुक्ति अभियान चलाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में गांव की माताओं-बहनों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम सरपंच एवं पंचों ने सहभागिता की।
इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में कथित रूप से संचालित अवैध शराब बिक्री (पैकारी) को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया और नशे से दूर रहने की समझाइश दी।अभियान के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नशे के कारण लोगों को विभिन्न बीमारियों का सामना करना पड़ता है, वहीं परिवारों की आर्थिक स्थिति भी कमजोर होती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि गांव में अवैध शराब की बिक्री बंद नहीं हुई, तो वे आगामी समय में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग करेंगे। इस अभियान को सफल बनाने में कैमोर पुलिस प्रशासन ने भी सहयोग प्रदान किया। ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।
✍️ संतोष प्रसाद तिवारी
RPKP INDIA NEWS
कैमोर
