प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को मिल रही गति लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने पश्चिम विधानसभा के 10 वार्डों में लगभग 26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

(जबलपुर)  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक अधोसंरचना के निर्माण और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं। सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, आवास, सार्वजनिक सुविधाओं और नगरीय विकास से जुड़े कार्यों के माध्यम से विकास को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जबलपुर की पश्चिम विधानसभा में भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है। यह बात प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री राकेश सिंह ने पश्चिम विधानसभा के विभिन्न वार्डों में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कही।लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने पश्चिम विधानसभा के 10 वार्डों में लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण तथा लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप आगे बढ़ रहा विकास

मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से देश में सड़क, परिवहन, आवास, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर कार्य कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के शहरों और गांवों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा शहरों को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देना है। जबलपुर में भी सड़क, नाली, बिजली, पार्क, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्य इसी उद्देश्य के साथ किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराना है। हमारा प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी मोहल्ला या क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। विकास कार्यों के चयन में नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

मंत्री श्री सिंह ने क्षेत्रीय नागरिकों से कहा कि यदि उनके क्षेत्र में कोई आवश्यक कार्य शेष है तो वे उसकी जानकारी दें। संबंधित कार्य की आवश्यकता के अनुसार उसे स्वीकृत कराने और पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

वार्डवार विकास कार्यों की स्थिति

गौरीघाट वार्ड: वार्ड में विकास कार्यों की सूची 118 से बढ़कर 218 हो गई है। यहां 595.16 लाख रुपये की लागत के कार्यों का भूमिपूजन तथा 77.99 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया गया।

बाबूराव परांजपे वार्ड: वार्ड में कुल 110 विकास कार्यों की जानकारी दी गई। इनमें 34 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, एक कार्य प्रगतिरत है, 15 कार्य स्वीकृत हैं तथा 14 कार्य प्रस्तावित हैं।

शंकर शाह वार्ड: वार्ड में 128 विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री श्री सिंह ने सड़क, पेयजल, बिजली, नाली और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन किया जा रहा है।

गिरिराज किशोर कपूर वार्ड: वार्ड में 214.17 लाख रुपये की लागत के 25 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 88.68 लाख रुपये की लागत के 10 कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

गुप्तेश्वर वार्ड: यहां 48.06 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

बनारसी दास भनोत वार्ड: वार्ड में 158.69 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। यहां कुल 58 कार्य स्वीकृत अथवा निर्माण प्रक्रिया से संबंधित बताए गए हैं। इनमें 12 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, दो कार्य प्रगतिरत हैं तथा 44 कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं।

जार्ज डिसिल्वा वार्ड: मंत्री श्री राकेश सिंह ने वार्ड में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में वार्ड की सड़क को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। यह सड़क क्षेत्र की ऐसी पहली सड़क होगी, जहां विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। इससे बिजली के तार जमीन के नीचे से गुजरेंगे तथा सड़क पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इस पहल से सड़क का सौंदर्य बढ़ने के साथ ही क्षेत्र को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप मिलेगा।

इंदिरा गांधी, वीर सावरकर एवं वीरेंद्र पुरी वार्ड: इन तीन वार्डों में कुल 89.41 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 850.77 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही उपस्थिति

विभिन्न वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिंकू विज, जबलपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रशांत केशरवानी, श्री अभय सिंह ठाकुर, श्री कौशल सूरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *