मैहर में बागेश्वर बाबा की हुंकार: शारदा धाम की नगरी में KJS सीमेंट परिसर में सजी कथा, हर 3-4 महीने में मैहर आने का किया ऐलान।
मैहर। RPKP INDIA NEWS
आध्यात्मिक ऊर्जा और धर्म की नगरी मैहर में 22 अक्टूबर 2026 को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बाबा बागेश्वर का भव्य आगमन हुआ। रात 10 बजे मैहर पहुंचने के बाद, अगले दिन 23 अक्टूबर 2026 को सुबह उन्होंने त्रिकूट पर्वत पर विराजमान माता शारदा के दरबार में हाजिरी लगाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद शुरू हुआ भक्ति और आस्था का ऐसा महाकुंभ, जिसने पूरे विंध्य क्षेत्र को सराबोर कर दिया।

KJS सीमेंट परिसर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब। दोपहर 1 बजे से KJS सीमेंट परिसर में बाबा बागेश्वर की बहुप्रतीक्षित कथा का शुभारंभ हुआ। इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए दूर-दूर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा परिसर भक्तों की भीड़ और ‘जय बागेश्वर धाम’ के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से कार्यक्रम के आयोजक पवन अलूवलिया चेयरमैन, KJS सीमेंट एवं उनका पूरा परिवार , राजेंद्र शुक्ला उपमुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश , गणेश सिंह सतना सांसद , राजेंद्र कुमार सिंह विधायक, अमरपाटन , श्रीकांत चतुर्वेदी विधायक मैहर साथ ही मैहर जिले के समस्त पत्रकारगण और हजारों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे ।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहले दोपहर 1 बजे से भक्तिरस से ओतप्रोत कथा का आयोजन हुआ। इसके पश्चात, शाम 5:30 बजे से भव्य दिव्य दरबार लगाया गया, जहां बाबा बागेश्वर ने श्रद्धालुओं की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के लिए पर्चे खोले।

कथा और दरबार के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मैहर के संतों और श्रद्धालुओं को दो बड़े उपहार दिए , बाबा ने KJS सीमेंट कार्यक्रम स्थल पर ही बागेश्वर धाम का मठ बनवाने की आधिकारिक घोषणा की । उन्होंने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि वे अब हर तीसरे या चौथे महीने मैहर आएंगे और यहां लगातार कथा एवं दिव्य दरबार का आयोजन करेंगे।
बाबा बागेश्वर के इस ऐलान से मैहर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है। इस आयोजन ने मैहर की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता को एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर प्रज्वलित कर दिया है।
✍️ सुनील कुमार दाहिया
RPKP INDIA NEWS
सरला नगर,मैहर
