जनसुनवाई में कलेक्टर श्री तिवारी ने सुनीं 146 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिये निराकरण के निर्देश

(कटनी) कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 146 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक परीक्षण कर नियमानुसार एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्‍टर श्री नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर ज्‍योति लिल्‍हारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान बरही निवासी अजय गुप्ता ने ग्राम बरहटा में पुरानी शासकीय स्कूल की इमारत पर अवैध कब्जे और सरकारी संपत्ति के निजी उपयोग की शिकायत की। ग्राम बिचुआ निवासी राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने खसरा क्रमांक 295 के ऑनलाइन राजस्व अभिलेख में नाम के स्थान पर गलत जाति दर्ज होने की शिकायत करते हुए अभिलेख में सुधार की मांग की।

इसी प्रकार कटनी निवासी निखिल सूर्यवंशी ने आधार कार्ड में जन्मतिथि की त्रुटि सुधार के लिए आवेदन दिया। ग्राम पंचायत सलैयाफाटक के पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली दो रसोइयों रेखा बाई सेन और माया बाई हल्दकार ने लंबित मानदेय की भुगतान कराने के लिए आवेदन प्रस्‍तुत किया। वहीं, ग्राम पंचायत गनियारी निवासी किशनलाल चौधरी ने आजीविका के लिए ऋण उपलब्ध कराने हेतु आवेदन दिया।

ग्राम शिवराजपुर निवासी मुण्डा कोल ने पुरानी बही में दर्ज खसरा क्रमांक 19 के आधार पर अपना नाम वर्तमान राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने की मांग की। इसके अलावा ग्राम दशरमन, तहसील ढीमरखेड़ा निवासी सुरेन्द्र सोनी ने अपनी दिवंगत पत्नी लक्ष्मी बाई की अनुग्रह सहायता राशि दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें