दीपावली अमावस्या मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने किया निरीक्षण

(सतना) चित्रकूट में 6 से 10 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले दीपावली अमावस्या मेले की तैयारियों के दृष्टिगत कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह गुरूवार को भी चित्रकूट क्षेत्र के भ्रमण पर रहे। इस दौरान उन्होंने कामतानाथ परिक्रमा मार्ग तथा रजौला बायपास रोड का जायजा लिया तथा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था तथा सुगम आवागमन के दृष्टिगत संबंधित स्थलों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

दीपावली मेले को लेकर चित्रकूट में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य जारी

चित्रकूट में 6 से 10 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले दीपावली अमावस्या मेले के दृष्टिगत नगर परिषद चित्रकूट क्षेत्र में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों, तिराहों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मेन रोड मोकमगढ़ तिराहा पर साफ-सफाई कराई जा रही है। मोकमगढ़ बाईपास मार्ग पर भी मेले की व्यवस्थाओं के तहत सड़क के डिवाइडरों पर जमा मिट्टी और कचरे को हटाया जा रहा है। सड़कों के दोनों ओर नालियों के ऊपर जमा कचरे की सफाई के साथ ही पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई का कार्य भी कराया जा रहा है। नगर परिषद चित्रकूट क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुताई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे मेले के दौरान क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके। मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ाने के उद्देश्य से उतरा पुल के गेट बंद करने की कार्रवाई भी की जा रही है। दीपावली मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा चित्रकूट में स्वच्छता और सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *