कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने ली पराली प्रबंधन की बैठक
पराली न जलाने की अपील, गौशालाओं में होगा उपयोग
(मैहर) कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पराली प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर पराली नहीं जलाने की अपील की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने निर्देश दिये कि जिले की सभी गौशालाओं में पराली संग्रहण की व्यवस्था पशुपालन विभाग सुनिश्चित करे।
जनपद पंचायत के माध्यम से रोजगार सहायकों द्वारा गांव-गांव में किसानों को पराली नहीं जलाने के लिये जागरूक किया जाये। हार्वेस्टर मशीनों पर निगरानी के लिये SMS आधारित व्यवस्था लागू की जाये। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने निर्देश दिए कि कृषि, ग्रामीण विकास और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सतत निगरानी की जायेगी।
पराली जलाने वाले किसानों पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। पराली जलाने पर 2500 रुपये तथा 5 एकड़ से अधिक क्षेत्र में जलाने पर 15000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया जायेगा। बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह,अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
