कलेक्टर ने किया ‘कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम’ प्रशिक्षण का निरीक्षण
जिले में अब तक स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के लगभग 4500 लोकसेवक हो चुके हैं प्रशिक्षित
क्षमता विकास आयोग, नई दिल्ली एवं आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में मिशन कर्मयोगी (iGOT) के अंतर्गत ‘कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोकसेवकों में सेवा भाव (Spirit of Service) की संस्कृति विकसित करना तथा लोक केंद्रित प्रशासन की अवधारणा को आत्मसात कराना है।
कार्यक्रम के प्रथम चरण के प्रशिक्षण के लिए जिले में ई-दक्ष केंद्र सीधी सहित 11 संस्थानों को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है। इनमें शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी खुर्द, शासकीय संदीपनी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी, शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जूरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टमसार, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर नैकिन, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सर्रा चुरहट, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सपही एवं शासकीय संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहावल शामिल हैं।
जिले में 12 अक्टूबर 2026 से लगातार आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के लगभग 4500 लोकसेवकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। क्षमता विकास आयोग द्वारा 31 दिसंबर 2026 तक सभी विभागों के लोकसेवकों को इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम के माध्यम से लोकसेवकों की कार्यक्षमता, व्यावसायिक दक्षता और नागरिक केंद्रित कार्यप्रणाली को विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर एवं संवेदनशील प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
