इंदिरा गांधी जी के बलिदान दिवस एवं सरदार पटेल जी की जयंती पर कांग्रेस सेवादल ने आयोजित किया रक्तदान शिविर: अवनीश भार्गव
भोपाल। RPKP INDIA NEWS देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी के बलिदान दिवस तथा देश के लौह पुरुष, पूर्व गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के संगठक अवनीश भार्गव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जिला कांग्रेस सेवादल भोपाल शहर और ग्रामीण के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी जी एवं सरदार वल्लभभाई पटेल जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

रक्तदान शिविर में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश दांगी ने भी सक्रिय सहभागिता की तथा भूपेंद्र सिंह मीणा ने रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में योगदान दिया।

इस अवसर पर अवनीश भार्गव ने कहा कि इंदिरा गांधी जी का देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए दिया गया बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल जी का राष्ट्र निर्माण और देश की एकता में योगदान अविस्मरणीय है। इन महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज और देश की सेवा के लिए निरंतर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का मानवीय संकल्प है। कांग्रेस सेवादल सदैव सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों के साथ जनसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
“रक्तदान महादान है—आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की उम्मीद बन सकता है।”
