मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 13 नवंबर को देवरीहटाई में लगेगा शिविर जनसंवाद के माध्यम से समस्याओं का होगा निराकरण, लंबित शिकायतों के शत-प्रतिशत समाधान के निर्देश
(कटनी) आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आगामी 13 नवंबर को बड़वारा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरीहटाई में शिविर आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में 7 अगस्त से शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह अधिकारी मैदानी भ्रमण कर आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही निराकरण करने के प्रयास किए जाता है।लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकतम शिकायतों का निराकरण शिविर से पहले ही किया जाए, जबकि शेष प्रकरणों का समाधान शिविर स्थल पर सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उनमें समय-सीमा निर्धारित कर आवेदकों को अवगत कराया जाएगा।लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निराकरण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले।
